देश के 16 राज्यों तक पहुंचा मानसून, उत्तर भारत को 11 जून से राहत के आसार

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है और अब तक देश के 16 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में दस्तक दे चुका है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 4 जून को केरल पहुंचने के बाद मानसून तेजी से आगे बढ़ा है और आगामी तीन-चार दिनों में इसके उत्तरी बंगाल तक पहुंचने की संभावना है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 11 जून से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर, उत्तर-पश्चिम भारत, बिहार तथा पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इससे भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

आईएमडी के मुताबिक मानसून फिलहाल केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश तथा पूर्वोत्तर भारत के सभी सात राज्यों तक पहुंच चुका है। अगले तीन दिनों के दौरान इसके छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम तथा उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कई स्थानों पर 12 से 20 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई। वहीं कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के विभिन्न क्षेत्रों में 7 से 11 सेंटीमीटर तक बारिश हुई।

उत्तर भारत में जारी है गर्मी का प्रकोप

मानसून की प्रगति के बावजूद उत्तर भारत में फिलहाल भीषण गर्मी का दौर जारी है। राजस्थान का श्रीगंगानगर सोमवार को देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के रोहतक में पारा 45.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि उत्तर प्रदेश के फतेहगढ़ में 44.8 और वाराणसी में 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पंजाब के पटियाला में 42.6 डिग्री और झारखंड के डाल्टनगंज में 43.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि 11 जून के बाद उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट आने और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बीएलओ करेंगे घर-घर संपर्क, मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू

Tue Jun 9 , 2026
पौड़ी : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उप निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में निर्वाचन नामावली के पुनरीक्षण कार्यक्रम, निर्धारित समय-सारिणी तथा राजनीतिक दलों की […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!