फूलों की घाटी सीजन के लिए बंद, इस साल दर्ज हुआ अब तक का सबसे अधिक पर्यटक आंकड़ा

चमोली। विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी को शनिवार को इस पर्यटन सीजन के लिए आधिकारिक रूप से बंद कर दिया गया। हिमालय की गोद में स्थित इस अद्वितीय घाटी को इस वर्ष 1 जून को पर्यटकों के लिए खोला गया था। करीब पांच महीने तक खुली रहने वाली घाटी में इस सीजन रिकॉर्ड 35,261 पर्यटक पहुंचे, जो अब तक का सबसे अधिक आंकड़ा है।

वन क्षेत्राधिकारी आशीष जिरवान ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सीजन फूलों की घाटी का दीदार करने वाले कुल 35,261 पर्यटकों में 34,996 भारतीय और 265 विदेशी सैलानी शामिल रहे। भारतीय पर्यटकों में 21,306 पुरुष, 8,604 महिलाएं, 18 वर्ष से अधिक आयु के 4,431 विद्यार्थी एवं शोधकर्ता तथा 12 वर्ष से अधिक आयु के 124 बच्चे रहे। इसके अलावा 531 वृद्ध पर्यटकों ने भी घाटी की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया। विदेशी पर्यटकों में 127 पुरुष और 138 महिलाएं शामिल थीं।

पर्यटकों की इस आवाजाही से वन विभाग को कुल 67 लाख 7 हजार 500 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। उल्लेखनीय है कि 27 सितंबर को अत्यधिक बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए घाटी को एक दिन के लिए एहतियातन बंद रखा गया था। इसके बावजूद इस सीजन पर्यटकों की संख्या ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए।

फूलों की घाटी अपनी रंग-बिरंगी फूलों की सैकड़ों प्रजातियों, दुर्लभ वनस्पतियों, समृद्ध जैव विविधता और विशिष्ट पारिस्थितिकी तंत्र के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। इस वर्ष रिकॉर्ड पर्यटक आवक ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर घाटी की लोकप्रियता और आकर्षण को रेखांकित किया है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कोटद्वार में ‘शक्ति संगम’ का सफल आयोजन, महिलाओं के हुनर और उद्यमिता को मिला मंच

Mon Nov 2 , 2026
कोटद्वार: महिलाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रविवार को कोटद्वार स्थित बावर्ची ग्राउंड्स में आयोजित ‘शक्ति संगम’ मिनी मेला उत्साह के साथ संपन्न हुआ। ‘Empowering Women, Growing Together’ यानी महिलाओं को सशक्त बनाने और साथ मिलकर आगे बढ़ने की थीम पर आयोजित इस एक […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!