रेड अलर्ट : इन जिलों में हो सकती है बहुत भारी बारिश, 115 सड़कें बंद, कई जिलों में स्कूलों में अवकाश

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार के लिए भी राज्य के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और चंपावत जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि देहरादून, पौड़ी, बागेश्वर और हरिद्वार में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। प्रशासन को इन सातों जिलों में आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे पूरे प्रदेश के लिए संवेदनशील हैं। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों, भूस्खलन संभावित इलाकों तथा नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। अन्य सभी जिलों में भी बारिश को लेकर यलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।

लगातार हो रही वर्षा और भूस्खलन के कारण प्रदेश में जनजीवन प्रभावित हुआ है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार मलबा और बोल्डर गिरने से एक राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कुल 115 सड़कें बंद हो गई हैं। पिथौरागढ़ जिले में तवाघाट-गुंजी राष्ट्रीय राजमार्ग बोल्डर गिरने से बाधित है, जबकि जिले के 12 ग्रामीण मार्ग भी बंद हैं।

इसके अलावा देहरादून में एक राज्य मार्ग और 14 ग्रामीण मार्ग, अल्मोड़ा में 13 ग्रामीण मार्ग, रुद्रप्रयाग में तीन, चमोली में नौ, नैनीताल में पांच, उत्तरकाशी और बागेश्वर में चार-चार तथा टिहरी में एक राज्य मार्ग और 13 ग्रामीण मार्ग बंद हैं। सबसे अधिक 31 सड़कें पौड़ी जिले में बाधित हैं, जिनमें दो राज्य मार्ग, एक मुख्य मार्ग और 28 ग्रामीण मोटर मार्ग शामिल हैं।

उधर, भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन कई जिलों में कक्षा 12 तक के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में शुक्रवार को अवकाश घोषित किया है। देहरादून, हरिद्वार, चमोली, पौड़ी, टिहरी, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में यह आदेश लागू रहेगा।

प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों व नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

आने वाले देहरादून का विजन डॉक्यूमेंट “देहरादून महायोजना-2041” – IAS बंशीधर तिवारी

Fri Jul 10 , 2026
देहरादून महायोजना-2041 : जनता की आवाज़ से आकार ले रहा देहरादून का भविष्य चौथे दिन नगर निगम में उमड़ी सहभागिता, सेक्टर-04 के नागरिकों और संगठनों ने रखे विकास से जुड़े सुझाव देहरादून : राजधानी देहरादून के भावी विकास की दिशा तय करने वाली देहरादून महायोजना-2041 को जनभागीदारी के आधार पर […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!