गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने मंडल मुख्यालय स्थित परिवहन, कृषि और उद्यान विभाग का निरीक्षण किया

पौड़ी। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने बुधवार को मंडल मुख्यालय पौड़ी स्थित संभागीय परिवहन कार्यालय, संयुक्त निदेशक उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग तथा अपर निदेशक कृषि कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

संभागीय परिवहन कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिकायत पेटी स्थापित करने, अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने, सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों, नगर क्षेत्र एवं चारधाम यात्रा मार्ग की पार्किंग व्यवस्था, धारी देवी क्षेत्र में पार्किंग प्रबंधन तथा चालान की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पार्किंग स्थलों के चिन्हीकरण को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा यात्रियों व स्थानीय नागरिकों को अनावश्यक असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। साथ ही जुलाई 2025 से 15 जून 2026 तक हुई सड़क दुर्घटनाओं का विवरण उपलब्ध कराने तथा डुंगरी में निर्माणाधीन ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने लाइसेंस बनवाने आए आवेदकों से भी बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक प्राप्त किया।

संयुक्त निदेशक उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के निरीक्षण में आयुक्त ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, कार्यालय भवन की मरम्मत संबंधी प्रस्ताव निदेशालय को भेजने, शिकायत पेटी स्थापित करने, विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित करने तथा पुरानी पत्रावलियों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पौध एवं बीज वितरण की जानकारी लेते हुए गढ़वाल मंडल के सभी जनपदों की मासिक प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा अनुपयोगी सामग्री की नियमानुसार नीलामी सुनिश्चित करने को कहा।

अपर निदेशक कृषि कार्यालय के निरीक्षण में उन्होंने प्रभारी अपर निदेशक कृषि को सप्ताह में कम से कम दो दिन मंडल मुख्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। प्रधान सहायक के अनुपस्थित पाए जाने तथा किसान सम्मान निधि से संबंधित समस्या लेकर आए कृषक की सुनवाई न होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रधान सहायक एवं सहायक कृषि अधिकारी (वर्ग-1) के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अपर निदेशक कृषि की नियमित उपस्थिति न होने के कारण विभागीय वाहन एवं चालक को आयुक्त कार्यालय से संबद्ध करने, बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा फसल बीमा योजना से संबंधित सूचना पट्ट को तत्काल अद्यतन करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पांडे, एआरटीओ एन.के. ओझा, प्रधान सहायक कुलदीप राणा, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भास्करानंद नौटियाल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी सुमन नेगी, वैयक्तिक सहायक आयुक्त राजेश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

नीट-यूजी परीक्षा के सफल संचालन को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार

Fri Jun 19 , 2026
21 जून को 262 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, डीएम ने व्यवस्थाओं की समीक्षा कर दिए जरूरी निर्देश गोपेश्वर (चमोली)। आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली नीट-यूजी परीक्षा के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूर्ण कर ली है। इस परीक्षा में 262 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए प्रौद्योगिकी संस्थान कोठियालसैण में […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!