AIIMS किच्छा में नौकरी के नाम पर ठगी का फर्जी भर्ती रैकेट पकड़ा

ऋषिकेश। एम्स ऋषिकेश प्रशासन और सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई में एम्स किच्छा में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से कथित तौर पर ठगी करने वाले फर्जी भर्ती रैकेट का खुलासा हुआ है। सुरक्षा विभाग की इंटेलीजेंस टीम ने मंगलवार को गोपनीय सूचना के आधार पर बैराज रोड पर कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से एम्स सैटेलाइट सेंटर किच्छा के नाम पर जारी किए गए दो फर्जी नियुक्ति पत्र और अभ्यर्थियों से वसूली गई दो लाख रुपये की नकदी बरामद की गई।

एम्स प्रशासन के अनुसार, पिछले कुछ समय से संस्थान को शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग निर्माणाधीन एम्स किच्छा में विभिन्न पदों पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये की रकम वसूल रहे हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एम्स प्रशासन और सुरक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों को पकड़ने के लिए योजना बनाई।

अभ्यर्थी बनकर पहुंचा सुरक्षा विभाग का कर्मचारी

जांच के दौरान एम्स सुरक्षा विभाग की इंटेलीजेंस टीम के एक कर्मचारी को अभ्यर्थी बनाकर आरोपियों के संपर्क में भेजा गया। सूचना के मुताबिक आरोपी बैराज रोड पर एक क्रेटा वाहन में बैठकर नौकरी के इच्छुक लोगों से पैसों का लेन-देन कर रहे थे। लेन-देन और दस्तावेजों की जांच के बाद फर्जीवाड़े की पुष्टि होने पर सुरक्षा टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।

दो फर्जी नियुक्ति पत्र और दो लाख रुपये बरामद

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो अभ्यर्थियों के नाम पर तैयार किए गए नियुक्ति पत्र बरामद हुए। इनमें एक नियुक्ति पत्र नर्सिंग ऑफिसर और दूसरा मल्टीटास्किंग स्टाफ (MTS) के पद के लिए तैयार किया गया था। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से अभ्यर्थियों से कथित तौर पर वसूली गई दो लाख रुपये की नकदी भी बरामद हुई।

एम्स के उप मुख्य सुरक्षा अधिकारी एवं सहायक कमांडेंट अनिल चंद्र ने बताया कि पूछताछ में तीनों आरोपियों के उधम सिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र का निवासी होने की जानकारी सामने आई है। सुरक्षा विभाग की टीम ने आरोपियों को क्रेटा वाहन और बरामद फर्जी दस्तावेजों के साथ एम्स ऋषिकेश की पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया है। मामले में पुलिस स्तर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।

युवाओं से सतर्क रहने की अपील

एम्स ऋषिकेश के पीआरओ डॉ. श्रीलोय मोहंती ने युवाओं से नौकरी के नाम पर बिचौलियों और एजेंटों के झांसे में नहीं आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एम्स ऋषिकेश और उसके सैटेलाइट सेंटर एम्स किच्छा में भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और योग्यता के आधार पर होती है। भर्ती से संबंधित आधिकारिक सूचनाएं संस्थान की वेबसाइट पर जारी की जाती हैं।

उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति नौकरी या नियुक्ति पत्र दिलाने के नाम पर पैसे की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल एम्स प्रशासन अथवा पुलिस को दी जानी चाहिए। समय रहते शिकायत मिलने पर ऐसे फर्जीवाड़े के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। एम्स प्रशासन ने युवाओं से भर्ती संबंधी जानकारी केवल संस्थान के आधिकारिक माध्यमों से ही प्राप्त करने की अपील की है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

Meta One सब्सक्रिप्शन भारत में लॉन्च, एक प्लान में WhatsApp-Instagram-Facebook के फीचर्स 

Wed Sep 16 , 2026
नई दिल्ली। सोशल मीडिया कंपनी Meta ने भारत समेत कई वैश्विक बाजारों में अपना नया ऑल-इन-वन सब्सक्रिप्शन प्लान Meta One लॉन्च किया है। इस सेवा के तहत WhatsApp, Instagram और Facebook के अलग-अलग Plus सब्सक्रिप्शन के फीचर्स को एक ही प्लान में उपलब्ध कराया गया है। कंपनी ने व्यक्तिगत यूजर्स […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!