हरिद्वार गंगा कॉरिडोर को मिली रफ्तार, 235 करोड़ की चार परियोजनाओं का शिलान्यास

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार को आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के तहत करीब 235 करोड़ रुपये की चार महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से आगामी महाकुंभ-2027 और कांवड़ यात्रा की तैयारियों को नई गति मिलने के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

अलकनंदा होटल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 43.25 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास परियोजना का भूमि पूजन किया। साथ ही 66.76 करोड़ रुपये से हर की पैड़ी एवं सुभाष घाट के पुनरुद्धार, 66.34 करोड़ रुपये से हर की पैड़ी के उत्तर क्षेत्र में आधारभूत ढांचे के विकास तथा 58.84 करोड़ रुपये से रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास कार्यों का शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं हरिद्वार को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी बनाने की व्यापक योजना का हिस्सा हैं। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पुनर्जागरण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में उत्तराखंड सरकार हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के अलावा केदारखंड मंदिर माला मिशन, मानसखंड मंदिर माला मिशन, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और विवेकानंद कॉरिडोर जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं पर भी कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुंभ-2027 को इतिहास का सबसे दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन बनाने के लिए सरकार युद्धस्तर पर कार्य कर रही है। इसके तहत हरिद्वार में नए घाट, पुल, संपर्क मार्गों का चौड़ीकरण, यातायात व्यवस्था का आधुनिकीकरण और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि हरिद्वार मेडिकल कॉलेज अंतिम चरण में है। लालढांग में मॉडल डिग्री कॉलेज, श्यामपुर में स्वास्थ्य केंद्र, हेलीपोर्ट, पॉड टैक्सी परियोजना, हर की पैड़ी से चंडी देवी और मनसा देवी तक रोपवे, लालढांग क्षेत्र में पुल निर्माण तथा शंकराचार्य और मोतीचूर फ्लाईओवर के नीचे पार्किंग, पार्क एवं कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स जैसी योजनाओं पर भी तेजी से काम चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने कांवड़ यात्रा के लिए केवल अस्थायी व्यवस्थाओं की परंपरा बदलते हुए कांवड़ पटरी मार्ग के स्थायी विकास का निर्णय लिया है, ताकि हर वर्ष आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि इन परियोजनाओं से हरिद्वार में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के साथ पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक प्रदीप बत्रा, विधायक राम सिंह कैड़ा, यूआईआईडीबी के प्रबंध निदेशक एवं प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, नगर आयुक्त नंदन कुमार समेंत अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद  रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

भेटा-भर्की मोटर मार्ग सुधारीकरण को ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

Wed Jul 22 , 2026
गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के जोशीमठ ब्लाॅक की उर्गम घाटी की भेटा-भर्की मोटर मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर क्षेत्रवासियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लंबे समय से सड़क की समस्याओं का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय सांकेतिक धरना देते हुए ज्ञापन सौंपा।  ग्राम […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!